बाड़मेर। वेदांता ऑयल एंड गैस की ओर से ‘स्वच्छ बाड़मेर स्वस्थ्य बाड़मेर’ परियोजना के तहत सीएचसी कवास में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन बाड़मेर जन सेवा समिति एवं नेत्र ज्योति अस्पताल के सहयोग से किया गया। शिविर में स्त्री रोग, सामान्य चिकित्सा एवं नेत्र रोग विशेषज्ञों की ओपीडी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कुल 240 ओपीडी दर्ज की गईं, जिनमें 192 सामान्य एवं नेत्र रोग तथा 48 स्त्री रोग संबंधी परामर्श शामिल रहे। इस दौरान 164 मरीजों को मौके पर ही चश्मे वितरित किए गए, जबकि मोतियाबिंद सर्जरी के लिए 9 मरीजों को नेत्र ज्योति अस्पताल रेफर किया गया। स्त्री रोग संबंधी परामर्श डॉ. खुशबू शिंदे ने प्रदान किया।

शिविर में काऊ का खेड़ा, सर का पार, कवास, बांद्रा, चोखला, मूढो की ढाणी, नागाणा और भूरटिया सहित आसपास के गांवों के लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। समुदाय के लोगों को शिविर तक पहुंचाने में बाड़मेर जन सेवा समिति की टीम के जालम सिंह राजपुरोहित, गिरधर सिंह सोढ़ा एवं नेहा सोनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वेदांता ऑयल एंड गैस की ओर से डॉ. अभय शर्मा, बंसीलाल सोलंकी, अकरम पटनी एवं सुमेर सिंह उपस्थित रहे।

सीएसआर टीम से ‘स्वच्छ बाड़मेर स्वस्थ्य बाड़मेर’ के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री सलमान भट ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सीएचसी कवास के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. भैरव सिंह एवं पूरी सीएचसी टीम का आभार जताया। शिविर के बाद पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बाड़मेर जन सेवा समिति के ट्रस्टी एडवोकेट रमेश मंगल उपस्थित रहे। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पौधरोपण के जरिए परियोजना के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।
