
बाड़मेर। स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, नियमितता एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय स्वास्थ्य टीम द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का सघन औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महिपाल सिंह सोढा, जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश भाटी तथा हेल्थ मैनेजर नरेन्द्र खत्री शामिल रहे ।

टीम द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र महाबार, आइनाथ का तला, तुलसी नगर, बक्से का तला, केरली नाड़ी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिठड़ा, शिवकर, बेरिवाला तला सहित आंगनवाड़ी केंद्र देवानियों की ढाणी एवं हाजानियों की ढाणी का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा भंडारण, अभिलेख संधारण, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन तथा कार्मिकों की उपस्थिति की गहन समीक्षा की गई। कई स्थानों पर अभिलेखों का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।

डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महिपाल सिंह सोढा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य अर्जित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान कुछ स्वास्थ्य कार्मिक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहकर अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए।

निरीक्षण दल ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे तथा लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
