बाड़मेर, 16 जनवरी। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से बाड़मेर जिले में 12 परीक्षा केन्द्रों पर प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा 2025 लेवल-प्रथम एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 लेवल द्वितीय का आयोजन होगा। इसके लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है।

परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत ने बताया कि 17 से 20 जनवरी तक सात पारियों में परीक्षा का आयोजन होगा। इसके लिए निष्पक्ष एवं सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रथम पारी का समय सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे एवं द्वितीय पारी का समय दोपहर 3 से सांय 5.30 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि 17 जनवरी को प्रथम पारी में प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा 2025 लेवल-प्रथम एवं 18 जनवरी को प्रथम पारी में उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 लेवल द्वितीय की विज्ञान एवं गणित, द्वितीय पारी में सामाजिक अध्ययन, 19 जनवरी को प्रथम पारी में अंग्रेजी, द्वितीय पार में हिन्दी, 20 जनवरी को प्रथम पारी एवं द्वितीय पारी में संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा समन्वयक राजेन्द्रसिंह चांदावत ने बताया कि 17 एवं 18 जनवरी को आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान 12 परीक्षा केन्द्रों पर 3264 परीक्षार्थियों के लिए, 19 जनवरी को प्रथम पारी में 495 एवं द्वितीय पारी में 3264, 20 जनवरी को एक परीक्षा केन्द्र पर प्रथम पारी में 105 एवं द्वितीय पारी में 175 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा, परिवहन, बिजली, चिकित्सा समेत विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।

परीक्षा आयोजन के लिए पुख्ता इंतजाम –
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा आयोजन के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए है। इसमें नोडल अधिकारी पुलिस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य को बनाया गया है। जबकि सहायक समन्वयक अधिकारी जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम चौधरी को बनाया गया है। प्रत्येक छह परीक्षा केन्द्रों के लिए सर्तकता दल बनाए गए है। इसमें आरएएस अधिकारी को सतर्कता दल प्रभारी बनाते हुए आरपीएस एवं राजस्थान शिक्षा सेवा अधिकारी को शामिल किया गया है। इसके अलावा उप समन्वयक, पर्यवेक्षक, केन्द्राधीक्षक, सहायक केन्द्राधीक्षक, वीक्षक, केन्द्रवार आतंरिक सतर्कता दल गठित किए गए है।
नियंत्रण कक्ष स्थापित –
जिला कलक्टर कार्यालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसके प्रभारी अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक (मुख्यालय) बाड़मेर गौतम गोदारा को नियुक्त किया गया है। यह नियंत्रण कक्षा परीक्षा समाप्ति के बाद समस्त सामग्री डाकघर में जमा होने तक संचालित रहेगा।
