गोदारा बोले— मनरेगा योजना नहीं, ग्रामीणों की जीवनरेखा है

बाड़मेर।केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में किए जा रहे बदलावों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत शिव विधानसभा क्षेत्र में बैठकों और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा, कांग्रेस नेता फतेह ख़ान एवं पूर्व प्रधान महेंद्र जाँणी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
गोदारा एवं कांग्रेस नेताओं ने शिव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बारसिंगा, स्वामी का गांव, आंतरा, काने का गाँव, नरगेड़ा, झाफली, हड़वा, बरियाड़ा, राजड़ाल, मणिहारी, खेड़ाल, गूँगा, कुमावत नगर, ज़ोरनाडा, बालासर, हाथी सिंह का गाँव, मुंगेरिया, लक्ष्मीपुरा सहित शिव मुख्यालय में आयोजित बैठकों में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

इस दौरान लक्ष्मण सिंह गोदारा ने कहा कि मनरेगा कोई साधारण योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीब, किसान और मज़दूर वर्ग के लिए जीवनदायनी व्यवस्था है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा को कमजोर कर किसान-मज़दूरों की आर्थिक सुरक्षा छीनना चाहती है। गोदारा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस असफल प्रयास के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर VB-G RAM G (विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) करने के निर्णय को भी जनविरोधी बताया। कांग्रेस का कहना है कि नाम बदलने के साथ-साथ योजना के मूल स्वरूप और अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।
बैठकों में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बच्चू ख़ान ख़लीफ़ा, पूर्व जिला परिषद सदस्य बिंजाराम प्रजापत, बालासर मंडल अध्यक्ष गंगाराम प्रजापत एवं शिव मंडल अध्यक्ष उदयराज सेजू सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मनरेगा को बचाने के लिए देशभर में आंदोलन जारी रहेगा।
