राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर के इंजीनियरिंग विद्यार्थियों ने मेम्ब्रेन टेक्नोलॉजी के जरिए इथेनॉल-जल मिश्रण से 99.5% शुद्ध इथेनॉल अलग करने का सफल परीक्षण किया, जो पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने, खपत घटाने और प्रदूषण कम करने में सहायक होगा. पेट्रोल की बढ़ती खपत, प्रदूषण और आयात पर निर्भरता के बीच, राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय बाड़मेर के इंजीनियरिंग विद्यार्थियों ने ऊर्जा क्षेत्र में एक उम्मीद जगाने वाला प्रयोगकिया है.
केमिकल और पेट्रोलियम इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने मेम्ब्रेन टेक्नोलॉजी के माध्यम से बायो-इथेनॉल उत्पादन की उन्नत प्रक्रिया पर सफल परीक्षण किया है, जिससे इथेनॉल-जल मिश्रण से 99.5 प्रतिशत तक शुद्ध इथेनॉल अलग किया जा सकता है.
सस्ता, स्वच्छ और टिकाऊ ईंधन है इथेनॉल
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप रांकावत के अनुसार, बायो-इथेनॉल सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल वैकल्पिक ईंधन है, जो दुनिया भर में एक सस्टेनेबल एनर्जी रिसोर्स के रूप में तेजी से उभर रहा है. पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से इंजन की परफॉर्मेंस बेहतर होती है, उत्सर्जन कम होता है और ईंधन दक्षता बढ़ती है.
आत्मनिर्भर बनेगा भारत, आयात निर्भरता घटाने में होगा मददगार
भारत में, जहां 85 प्रतिशत से अधिक कच्चा तेल आयात किया जाता है, वहां इथेनॉल एक मजबूत विकल्प बनकर उभर सकता है. इथेनॉल गन्ना, मक्का और चावल जैसी फसलों से तैयार किया जाता है. पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग से न केवल प्रदूषण घटेगा, बल्कि विदेशी तेल पर खर्च होने वाली भारी मुद्रा की भी बचत होगी.
