
बाड़मेर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत बाड़मेर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अंतर जिला युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के तहत अलवर जिले से आए 37 युवाओं के दल ने बाड़मेर के प्रमुख औद्योगिक, ऐतिहासिक एवं पर्यावरणीय स्थलों का भ्रमण किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देश की विविधता, औद्योगिक विकास, ऊर्जा संसाधनों तथा पर्यावरण संरक्षण से परिचित कराना है।कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं ने मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल का भ्रमण किया, जहां उन्हें क्रूड ऑयल उत्पादन, टर्मिनल की कार्यप्रणाली, इतिहास एवं विपणन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद युवाओं ने जिंदल साउथ वेस्ट प्लांट, भादरेश का दौरा किया। यहां इंजीनियरों द्वारा थर्मल आधारित कोयले से बिजली उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया। भ्रमण के दौरान युवाओं ने प्लांट परिसर स्थित शिव मंदिर में दर्शन भी किए।युवाओं को साउथ वेस्ट खदानों का भी भ्रमण करवाया गया, जहां खनन के इतिहास, आधुनिक खनन तकनीक एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्लांट लवर्स ग्रुप द्वारा आयोजित फ्लावर एंड प्लांट शो का अवलोकन कराया गया, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं ने हिल्ली स्मृति पार्क का भ्रमण भी किया। यहां उप वन संरक्षक सविता दहिया ने युवाओं को स्थानीय वनस्पति, पर्यावरण संरक्षण की महत्ता एवं जैव विविधता के संरक्षण पर संबोधित किया। कार्यक्रम युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हो रहा है।
