
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय आसमान से एक ऐसी खबर आई है जिसने हवाई सफर की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। दुबई से जयपुर आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइट (SG-58) उस समय ‘अखाड़ा’ बन गई, जब एक सिरफिरे यात्री ने विमान के अंदर ही मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। विमान जब हजारों फीट की ऊँचाई पर था, तब इस यात्री ने जो तांडव मचाया, उससे क्रू मेंबर्स के साथ-साथ अन्य यात्रियों की भी सांसें अटक गईं।
गाली-गलौज और बदसलूकी से सहम गए यात्री
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान इस यात्री ने अचानक आपा खो दिया। उसने न केवल एयर होस्टेस और क्रू मेंबर्स के साथ अश्लील और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उनके निर्देशों को मानने से साफ इनकार कर दिया। जब क्रू ने उसे शांत करने की कोशिश की, तो यात्री और ज्यादा हिंसक हो उठा और फ्लाइट में ही हंगामा खड़ा कर दिया। विमान के भीतर मची इस अफरातफरी के बीच पायलट ने तुरंत इसकी सूचना जयपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी को दी।

लैंडिंग होते ही पुलिस का ‘एक्शन’
जैसे ही मंगलवार सुबह 10:16 बजे विमान ने जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे को छुआ, वहां पहले से ही सुरक्षाकर्मी मुस्तैद थे। स्पाइसजेट के सिक्योरिटी स्टाफ ने विमान रुकते ही आरोपी यात्री को दबोच लिया। हंगामा करने वाले यात्री को घसीटते हुए फ्लाइट से नीचे उतारा गया और तुरंत एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अब सलाखों के पीछे होगी पूछताछ
जयपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया है। पुलिस और एयरलाइन अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यात्री किसी नशे में था या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था। एयरलाइन की लिखित शिकायत के आधार पर यात्री पर कड़ा कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। विमान के भीतर इस तरह की ‘गुंडागर्दी’ ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आसमान में भी अब सफर सुरक्षित नहीं रह गया है।
