
बाड़मेर। सरहदी जिले बाड़मेर के चौहटन इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कानूनी गलियारों से लेकर आम जनता तक के होश उड़ा दिए हैं। एक वकील, जिसका काम इंसाफ दिलाना था, खुद ही संगीन आरोपों के जाल में फंस गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें वकील रंजीत कुमार के गले में जूतों की माला लटकी नजर आ रही है।
नग्न फोटो दिखाकर 8 माह तक शोषण?
पीड़िता का आरोप है कि वह एक पुराने रेप केस की पैरवी के सिलसिले में वकील से मिली थी। आरोप है कि वकील ने महिला के नग्न फोटो हासिल कर लिए और पिछले 7-8 महीनों से उसे ब्लैकमेल कर रहा था। महिला का दावा है कि 17 जनवरी की रात वकील शराब के नशे में धुत होकर उसके घर घुसा और जबरदस्ती करने लगा। चिल्लाने की आवाज सुनकर आए परिजनों ने वकील को रंगे हाथों पकड़ा और उसकी जमकर खातिरदारी की।
वकील का पलटवार: ‘हनीट्रैप’ की साजिश!
दूसरी ओर, वकील रंजीत कुमार ने कहानी को पूरी तरह फिल्मी बताते हुए इसे ‘हनीट्रैप’ करार दिया है। वकील का दावा है कि महिला ने उसे हिसाब करने के बहाने घर बुलाया, जहाँ पहले से घात लगाए बैठे 5-7 लोगों ने उसे बंधक बनाकर मारपीट की और जबरन जूतों की माला पहनाई। वकील का आरोप है कि महिला उससे 2 लाख रुपये की अवैध डिमांड कर रही है और उसे बदनाम करने की साजिश रची गई है। पुलिस ने दोनों तरफ से केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
