
“नई सोच – नई उड़ान” कार्यक्रम के पहले दिन 22 प्रगतिशील विद्यार्थियो को मिली 5 – 5 हजार की छात्रवृतियां
बाड़मेर । रुमादेवी फाउंडेशन और द्वारा आयोजित नई सोच – नई उड़ान कार्यक्रम के पहले चरण में जिले के 22 प्रगतिशील विद्यार्थियों को 5 – 5 हजार रुपए की छात्रवृत्तियां देकर सम्मानितकिया गया। इस योजना के अनुसार ऐसे बच्चों का चयन किया गया था जो पहले पढ़ाई में बेहद कमजोर थे परन्तु वर्तमान में अनुशासन, कड़ी मेहनत व लगन से शैक्षणिक सुधार किया है।

योजना के पहले दिन रा.उ. मा. वि. आदर्श चवा, चवा, रावतसर, रामसर कुंआ समेत वि. नोबेल अकेडमी चवा व नवीन बाल विद्यालय रावतसर में क्रमबद्ध तरीके से कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दौरान कार्यक्रमों की मुख्य अध्यक्षता समाज सेवीका रुमा देवी ने की व मुख्य अतिथि के तौर पर अमेरिका से अतुल कुमार पटेल शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान रुमा देवी व अतुल कुमार ने विधार्थियों से संवाद कर उनका हौंसला बढाया। पढाई में कमजोर समझे जाने वाले बच्चों पर ध्यान आकर्षित करते हुए रुमा देवी ने कहा की कोई बच्चा कमजोर नहीं होता, उन्हें भी सपने देखने का अधिकार है। जरुरत केवल अपने हुनर को पहचान कर अनुशासन और लगन से मेहनत करने की है। पटेल ने पढाई को सफलता का सबसे सरल माध्यम बताते हुए कहा की विद्यार्थियों को माता – पिता व साथियों के साथ अपने विचार व समस्याएँ साझा करनी चाहिए।

कार्यक्रम का अगला चरण आज शुक्रवार को सनावड़ा, मांगता, बाछड़ाऊ व सोड़ियार के राजकीय विद्यालयों मे क्रमबद्ध तरिके से आयोजित होना प्रस्तावित हैं।
