
बाड़मेर.रोस्टर प्रणाली और OMR घोटाले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई एवं भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले सैकड़ों युवाओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बाड़मेर–जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

धरने को संबोधित करते हुए विधायक हरीश चौधरी ने वर्तमान राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रोस्टर व्यवस्था में जानबूझकर की गई गड़बड़ियां और OMR शीट से जुड़े घोटाले यह साबित करते हैं कि सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। यह सिर्फ एक भर्ती प्रक्रिया की खामी नहीं, बल्कि ईमानदार मेहनत, वर्षों की तैयारी और युवाओं के सपनों पर सीधा प्रहार है।

युवा कांग्रेस नेता राजेंद्र कड़वासरा ने कहा कि इन घोटालों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ बेरहमी से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योग्य और मेहनती युवाओं को हाशिये पर धकेलने वाली किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों की जवाबदेही तय नहीं होती, निष्पक्ष जांच नहीं होती और भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक भर्ती की नहीं, बल्कि प्रदेश के युवाओं के सम्मान, अधिकार और भविष्य की है।
