
बाड़मेर। सरहदी जिले बाड़मेर को नशे के चंगुल से आजाद कराने के लिए पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और घातक कार्रवाई को अंजाम दिया है। “नशा मुक्त बाड़मेर” अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से जाल बिछाकर नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस की इस दबिश ने तस्करों के खेमे में हड़कंप मचा दिया है।
किराए के मकान और दुकान से चल रहा था ‘मौत का व्यापार

पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि शहर के सरदारपुरा इलाके में एक किराए के मकान और रॉय कॉलोनी स्थित एक दुकान से मादक पदार्थों की सप्लाई की जा रही है। एएसपी नितेश आर्य और वृत्ताधिकारी रमेश शर्मा के सुपरविजन में टीम ने जब इन ठिकानों पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए।
भारी मात्रा में नशा जब्त, एक तस्कर दबोचा

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नशा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है। बरामदगी का विवरण इस प्रकार है:
- डोडा पोस्त: 27 किलो 660 ग्राम
- निर्मित अफीम: 1 किलो 380 ग्राम
मौके से पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रकाश पुत्र कालुराम जाति विश्नोई, निवासी धोलिया भाटा कोजा (थाना धोरीमना) को गिरफ्तार कर लिया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार और एएनटीएफ प्रभारी महिपाल सिंह की टीम ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 26 दर्ज कर धारा 8/15 और 17 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और बाड़मेर में इसके खरीदार कौन-कौन हैं।
