
बाड़मेर.जिला अस्पताल में व्याप्त गंभीर अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस के युवा नेता ठाकराराम माली के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय सांकेतिक धरना देकर कड़ा विरोध जताया। धरने के दौरान नेताओं ने अस्पताल प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मरीजों की अनदेखी का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीएमओ को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिला अस्पताल में लंबे समय से सीटी स्कैन जांच पूरी तरह बंद है, जिससे गंभीर रोगियों को मजबूरी में महंगे निजी अस्पतालों में जांच करानी पड़ रही है। वहीं सोनोग्राफी जांच के लिए मरीजों को एक महीने या उससे अधिक की वेटिंग दी जा रही है, जिससे गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।धरने को संबोधित करते हुए ठाकराराम माली ने कहा कि जिला अस्पताल आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है, लेकिन यहां मूलभूत जांच सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही का खामियाजा गरीब और मध्यम वर्ग के मरीज भुगत रहे हैं।इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरिश्चंद्र सोलंकी, मुकेश जैन, मेवाराम सोनी, तोगाराम मेघवाल सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सीटी स्कैन सुविधा तुरंत शुरू की जाए, सोनोग्राफी की वेटिंग खत्म हो और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
