
बाड़मेर। शहर की पॉश राय कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और स्थानीय पुलिस ने एक साथ धावा बोला। मामला दूध की डेयरी चलाने वाले एक संचालक से जुड़ा है, जिस पर पुलिस को लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी का संदेह था।
पुलिस को देख टॉयलेट में फ्लश किया डोडा पोस्त!

जब पुलिस की टीम डेयरी संचालक प्रभुराम के किराए के मकान पर पहुंची, तो वहां पुलिस को चकमा देने की फिल्मी कोशिश की। टीम को अंदर आता देख घर में छिपाकर रखा गया अवैध डोडा पोस्त आनन-फाणन में टॉयलेट सीट में डालकर फ्लश कर दिया। हालांकि, हड़बड़ाहट में कुछ हिस्सा फर्श पर ही गिर गया, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
तस्करी के बड़े नेटवर्क का अंदेशा

कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में पुलिस ने न केवल घर, बल्कि वहां खड़ी लग्जरी गाड़ियों की भी सघन तलाशी ली। पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था कि दूध की डेयरी की आड़ में एक बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है। टॉयलेट में नशे की खेप बहाने की इस कोशिश ने पुलिस के शक को यकीन में बदल दिया है। देर रात तक चली इस रेड के बाद अब पुलिस इस काले कारोबार की जड़ों तक पहुँचने में जुट गई है।
