
बाड़मेर। ‘वर्ल्ड मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे’ के अवसर पर वेदांता केयर्न और नंद घर द्वारा नागाणा स्थित वेदांता ऑयल एंड गैस कार्यालय परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, किशोरी बालिकाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता और स्वास्थ्य विषयों पर खुलकर चर्चा की।

इस दौरान महिलाओं ने मेंस्ट्रुअल कप को सुरक्षित, सुविधाजनक, किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प बताते हुए इसे अपनाने पर जोर दिया।हर वर्ष 28 मई को मनाए जाने वाले ‘वर्ल्ड मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे’ का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम में करीब 160 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर सामाजिक बदलाव और जागरूकता का संदेश दिया।

आयोजन जतन संस्थान के सहयोग से किया गया।विशेषज्ञों ने महिलाओं को मेंस्ट्रुअल कप और सैनिटरी पैड के फायदे एवं नुकसान, डिस्पोजेबल सैनिटरी नैपकिन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि कई ग्रामीण महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मेंस्ट्रुअल कप लंबे समय तक उपयोगी होने के साथ खर्च कम करने में भी मददगार है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुनीता ने कहा कि वह पिछले 2-3 वर्षों से मेंस्ट्रुअल कप का उपयोग कर रही हैं और अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायक फिल्म ‘पैडमैन’ का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सहयोग के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में वेदांता ऑयल एंड गैस (केयर्न) के सीएसआर हेड डॉ. विशाल अग्रवाल, डॉ. अभय शर्मा, प्रियंका कौशिक, शैलवी एस. और अनासी थोरी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। संचालन प्रिया शर्मा और जाह्नवी वर्मा ने किया।
