
युवतियों से जबरन गलत काम का खुलासा, पुराने मामलों की कड़ी भी जुड़ी
बालोतरा।जिले में स्पा सेंटर की आड़ में संचालित हो रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बालोतरा पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अवैध देह व्यापार के लिए दबाव बनाने के गंभीर मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न केवल गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है, बल्कि यह भी साफ कर दिया है कि ऐसे कृत्यों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक रमेश आईएएस ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी पचपदरा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सरहद जेरला क्षेत्र में बालोतरा–पचपदरा हाईवे पर बाइपास के पास स्थित एक हेवन स्पा सेंटर पर दबिश दी।
रिसेप्शन के बहाने बुलाया, फिर बनाया देह व्यापार का दबाव
पुलिस के अनुसार, पीड़िता द्वारा दी गई लिखित रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसे स्पा सेंटर में रिसेप्शन का कार्य दिलाने के बहाने बुलाया गया। लेकिन वहां पहुंचते ही स्पा संचालक और उससे जुड़े लोगों ने ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, इस अनैतिक कार्य के नाम पर ग्राहकों से धनराशि भी वसूली साबित हुई।
पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं पीटा एक्ट की सुसंगत धाराओं में पुलिस थाना पचपदरा में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सवाई सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
दबिश में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद युवतियों ने बताया कि उन्हें मसाज और रिसेप्शन के नाम पर रखा गया था, लेकिन बाद में स्पा संचालक द्वारा ग्राहकों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जा रहा था। पुलिस को जांच में यह भी सामने आया कि स्पा सेंटर संचालक पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त रहा है।
पहले भी हो चुकी हैं बड़ी कार्रवाइयां
बालोतरा पुलिस द्वारा स्पा सेंटरों पर यह पहली कार्रवाई नहीं है।
14 अगस्त 2025 को मेहंदी स्पा सेंटर पर कार्रवाई कर 4 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया था और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
11 सितंबर 2025 को हेवन स्पा सेंटर पर कार्रवाई में 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, 8 आरोपियों को राष्ट्रीय सुरक्षा संहिता की धाराओं में गिरफ्तार किया गया।
14 अक्टूबर 2025 को फिर से हाईवे बाइपास स्थित स्पा सेंटर पर कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
इन तमाम कार्रवाइयों के बावजूद स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक धंधा जारी रहने के प्रयास सामने आते रहे, जिस पर अब पुलिस ने सख्ती और तेज कर दी है।
जिले भर में मचा हड़कंप
लगातार हो रही पुलिस कार्रवाइयों से जिले के स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि देह व्यापार, मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण से जुड़े किसी भी नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, एक महिला आरोपी सहित, की तलाश जारी है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इंकार नहीं किया गया है।
